बारां , अगस्त 19 -- राजस्थान में बारां जिला मुख्यालय में सड़क किनारे झाड़ियों में एक नवजात के मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को बारां - कोटा मार्ग पर पुराने एसकेजी संयंत्र के समीप झाड़ियों में एक नवजात के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

एक तरफ अस्पताल में नवजात मासूम जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है, तो दूसरी तरफ पुलिस उस मां की तलाश में जुटी है, जिसने इस नवजात को झाड़ियों तक पहुंचा दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल मासूम अस्पताल में सुरक्षित है और चिकित्सक उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।

उधर, घटना की जानकारी जैसे ही लोगों तक पहुंची, उसे अपनाने के लिये कई लोग अस्पताल पहुंच गये। जिन माताओं की गोद लंबे समय से सूनी थी, उनके भीतर इस मासूम की किलकारी ने ममता जगा दी। कई महिलाएं नवजात को अपनाने की इच्छा लेकर अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने बच्चे की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित