सिरसा , अक्टूबर 22 -- कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक ने सदन से लेकर सड़कों तक वोट चोरी के मुद्दे पर संघर्ष किया और राष्ट्रपति तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं हुआ। अब 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत एक नवंबर को दिल्ली में विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
कुमारी सैलजा वीरवार शाम सिरसा जिले के कालांवाली में अभियान के तहत आयोजित रोष प्रदर्शन के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रही थीं। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, पूर्व विधायक बलकौर सिंह, शीशपाल केहरवाला, इंद्र जैन, नगरपालिका अध्यक्ष महेश गोयल और संदीप नेहरा सहित कई नेता मौजूद रहे।
हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल पर सैलजा ने कहा कि कर्मचारी और जनता दोनों परेशान हैं, लेकिन सरकार को उनकी समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली व्यवस्था का निजीकरण करना चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित