महासमुंद , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खल्लारी क्षेत्र की तीन सड़कों को प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यालय घेराव के प्रयास में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
विधायक यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से स्वीकृत परियोजनाओं पर शीघ्र काम शुरू कराने की मांग की।
घेराव के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित