जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गयी टिप्पणी करने को शर्मनाक बताते हुए कहा है कि कांग्रेस सड़कछाप राजनीति पर उतर आई हैं।

श्री राठौड़ ने रविवार को कांग्रेस नेतृत्व की भाषा और राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर आज कहां पहुंच गया है, यह उसके शीर्ष नेतृत्व के बयानों और व्यवहार से साफ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि जिस भाषा को कभी सड़क छाप राजनीति से जोड़ा जाता था, आज उसी तरह की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर रहे हैं। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के प्रधानमंत्री के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल क्या लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस की राजनीति में अब शालीनता, संयम और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए कोई जगह नहीं बची है।

उन्होंने कहा कि मामला केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं है। पटना के कार्यक्रम में जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, वह भी गंभीर सवाल खड़े करता है। लोकतंत्र में किसी की बात से असहमति होने पर उसका जवाब तर्क और संवाद से दिया जाना चाहिए, न कि हिंसा से। राजनीतिक कार्यक्रमों में विरोध की आवाज को दबाने के लिए मारपीट की घटनाएं लोकतांत्रिक संवाद के लिए चिंताजनक हैं।

श्री राठौड़ ने कहा कि वर्षों तक देश की सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस श्री मोदी के प्रति अपनी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत कटुता में बदलती दिखाई देती है। सत्ता हासिल करने की बेचैनी और श्री मोदी को हटाने की जिद में कांग्रेस यह भूल रही है कि भारत की जनता किसी परिवार की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि देश के विकास, सुशासन और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मतदान करती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों को अपने शब्दों तथा आचरण से लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों की आलोचना करना है लेकिन आलोचना और व्यक्तिगत कटाक्ष के बीच की मर्यादा को बनाए रखना भी जरूरी है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आत्ममंथन करना चाहिए कि उसकी भाषा और राजनीतिक शैली देश की लोकतांत्रिक संस्कृति को किस दिशा में ले जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की शर्मनाक बयानबाजी वहीं विश्व के 37 से अधिक देश के सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले श्री मोदी की लोकप्रियता भारत में ही नहीं विश्व में भी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से श्री मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर माफी मांगनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित