मुरैना , अप्रैल 06 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्रदेश सरकार के लिए सड़क, बिजली और पानी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास की रोशनी हर गांव तक पहुंचे तथा कोई भी क्षेत्र इससे अछूता न रहे।

श्री तोमर सोमवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में 973 लाख रुपए की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दे रही है और किसान की समृद्धि ही प्रदेश व देश की समृद्धि का आधार है। सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आने वाले समय में विकास कार्य और अधिक तेज गति से आगे बढ़ेंगे।

इस अवसर पर उन्होंने ग्राम बड़ागांव में नावली से अजनौधा मार्ग तक 767 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 10.50 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया। साथ ही बड़ागांव-नावली मार्ग पर 206 लाख रुपए की लागत से निर्मित 3.50 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जिले के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों और गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह, पूर्व मंत्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, बलवीर डंडोतिया, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष अंबाह मधुरिमा तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित