श्रीनगर , मई 21 -- जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (जेकेपीसी) ने गुरुवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष और हंदवाड़ा के विधायक सज्जाद लोन को उनके पिता, दिवंगत नेता अब्दुल गनी लोन की पुण्यतिथि पर नज़रबंद कर दिया गया है।

पार्टी ने एक बयान में इस कार्रवाई की निंदा की और इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक' करार दिया।

पार्टी ने एक बयान में कहा, " जेकेपीसी के अध्यक्ष और हंदवाड़ा के विधायक को उनके शहीद पिता को श्रद्धांजलि देने से रोकना दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक है। ऐसी कार्रवाइयां जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती हैं। "पार्टी के इस दावे पर अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

उल्लेखनीय है कि अलगाववादी नेता अब्दुल गनी लोन की 21 मई, 2002 को श्रीनगर के ईदगाह में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक और प्रमुख कश्मीरी नेता, मीरवाइज़ मोहम्मद फारूक की पुण्यतिथि भी 21 मई को ही मनाई जाती है। मीरवाइज़ मौलवी फारूक की हत्या 21 मई, 1990 को की गयी थी। वह कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज़ उमर फारूक के पिता थे।

पिछले कई सालों तक इन दोनों नेताओं की पुण्यतिथियों के अवसर पर 21 मई को पूरी घाटी में बंद रखा जाता था। हाल के वर्षों में हालांकि बंद का कोई आह्वान जारी नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित