चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के तीन सांसदों के शामिल होने के विरोध में लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और बठिंडा में प्रदर्शन किये।

आप नेताओं ने कहा कि 1984 का दर्द सिख परिवारों के लिए आज भी गहरा और न भरने वाला जख्म है तथा सज्जन कुमार को श्रद्धांजलि दिये जाने से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। आप ने भाजपा से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में दोषी ठहराये गये व्यक्ति की श्रद्धांजलि सभा में जिम्मेदार जनप्रतिनिधि कैसे शामिल हो सकते हैं। अमृतसर में आप कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और घेराव का प्रयास किया। पुलिस ने भारी तैनाती और बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आवास तक पहुंचने से रोक दिया।

आप विधायक जीवन ज्योत कौर ने कहा कि 1984 का नरसंहार सिख परिवारों के लिए गहरा जख्म है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होना पीड़ित परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने सवाल किया कि 1984 के नरसंहार से जुड़े मामले में दोषी व्यक्ति को भाजपा नेता सम्मान कैसे दे सकते हैं।

जालंधर में आप विधायक बलकार सिंह ने कहा कि 1984 के दंगों में निर्दोष सिखों की हत्या की गयी और प्रभावित परिवार दशकों बाद भी उस दर्द को झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होना पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर भाजपा के रुख को स्पष्ट करता है।

लुधियाना में आप नेताओं, विधायकों, पार्षदों, चेयरमैनों, निदेशकों और पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। लुधियाना पूर्व से विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं, संतों और शहीदों की धरती है और पंजाबी 1984 के पीड़ित सिख परिवारों के दर्द को कमतर करने का कोई प्रयास स्वीकार नहीं करेंगे।

बठिंडा में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आप नेताओं ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगे हजारों परिवारों के लिए आज भी न भरने वाला जख्म हैं और पार्टी पीड़ितों तथा उनके परिवारों के न्याय, सम्मान और जवाबदेही के लिए आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने भाजपा से तीनों सांसदों के खिलाफ कार्रवाई करने और सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित