चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केन्द्रीय सिंह ढिल्लों ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले के दोषी सज्जन कुमार के आवास पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन सांसदों के व्यक्तिगत रूप से शोक जताने जाने को बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
श्री ढिल्लों ने स्पष्ट किया कि इस दौरे से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है और पंजाब भाजपा इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार वही व्यक्ति हैं, जिन्हें 1984 में निर्दोष सिखों की हत्या से जुड़े गंभीर मामलों में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। ऐसे व्यक्ति के प्रति किसी भी प्रकार की सहानुभूति जताना 1984 की त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले हजारों पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए तत्काल नाराजगी व्यक्त की और तीनों सांसदों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई दर्शाती है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व 1984 के पीड़ित परिवारों की भावनाओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन का तत्काल और दृढ़ रुख अपनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 35 वर्षों तक 1984 के दंगों के आरोपियों को संरक्षण और राजनीतिक समर्थन देने की नीति अपनाई, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए, जिसके बाद दशकों पुराने मामलों में आरोपियों को जेल भेजा गया और पीड़ितों को न्याय मिलने का रास्ता खुला।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी हमेशा 1984 के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सहानुभूति केवल पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है, जो आज भी उस त्रासदी के दर्द से गुजर रहे हैं। दोषियों के लिए भाजपा की नीति में कोई स्थान नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित