बारां , अगस्त 25 -- राजस्थान में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने बारां जिले में आगामी नगर निकाय आम चुनाव के स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए मंगलवार को मिनी सचिवालय सभागार में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली।

श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले के सभी छह नगर निकाय क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाए। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बिजली, पानी, छाया, रैंप, सुरक्षा, शौचालय, फर्नीचर और वीलचेयर के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा रहेगी। सोशल मीडिया पर आचार संहिता उल्लंघन पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाये।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक महावर ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन सामूहिक भावना से कार्य करें, मतदान से पूर्व भयमुक्त वातावरण बनाएं, नाकाबंदी, सघन गश्त एवं निगरानी रखते हुए आपराधिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। जिले के 260 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गयी हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने कानून व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित