नयी दिल्ली , नवंबर 7 -- संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष एवं आधुनिक बिहार के निर्माता कहे जाने वाले डॉक्टर सच्चिदानंद सिन्हा की 155वीं जयंती 10 नवंबर, के अवसर पर यहां आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल अता हसनैन होंगे, जबकि लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
आयोजन समिति के सचिव और पूर्व आईपीएस अधिकारी उदय सहाय ने बताया कि डॉ. सिन्हा न केवल एक प्रख्यात संविधानविद् थे, बल्कि उच्च कोटि के पत्रकार, प्रखर लेखक, कुशल वक्ता, समाज सुधारक, पुस्तकालय आंदोलन के प्रणेता और गहरे संगीत प्रेमी भी थे। वे बिहार-उड़ीसा के पहले वित्त मंत्री भी रहे और उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत द्वारा दी जाने वाली 'सर' की उपाधि लेने से इनकार कर दिया था। आयोजकों का मानना है कि ऐसी महान विभूति को उनके निधन के 75 साल बाद इतने बड़े पैमाने पर याद किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नयी पीढ़ी को उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित