ग्लासगो , जुलाई 29 -- भारत के सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा),नरेंद्र (90 किग्रा), अरुंधति (70 किग्रा),जादुमणि सिंह (55 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा) और प्रिया घनघस (60 किग्रा) ने राष्ट्रमंडल खेलों के मुक्केबाजी मुकाबलों के सेमीफाइनल में प्रवेश करने के साथ ही देश के लिए पदक पक्के कर दिए हैं।
सचिन ने क्वार्टर फ़ाइनल में टी. मोरेमी (बोत्स्वाना) के ख़िलाफ़ 5-0 से जीत हासिल की और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपना मेडल पक्का किया।
जादुमणि सिंह ने ज़ाम्बिया के म्वेंगो म्वाले की आक्रामक शुरुआत का सामना करते हुए 5-0 से शानदार जीत हासिल की और पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की की।
अंकुश (80 किग्रा) ने क्वार्टर फ़ाइनल में जे. मैकॉक (सेशेल्स) के ख़िलाफ़ 5-0 से जीत हासिल की और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मेडल पक्का किया। नरेंद्र (90 किग्रा) ने क्वार्टर फ़ाइनल में एम.सेको (समोआ) के ख़िलाफ़ 3-2 के स्प्लिट फ़ैसले से जीत हासिल की और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया।
भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर लिया है। साक्षी ने आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 से हराया। अब साक्षी शुक्रवार को फ़ाइनल में जगह बनाने के लिए कनाडा की एम्बर-जेन वॉल से मुकाबला करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित