नयी दिल्ली , मई 20 -- भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव एवं दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा को विश्व तीरंदाजी महासंघ ने राष्ट्रमंडल खेल समिति का सदस्य नामित किया है।
राष्ट्रमंडल खेल समिति के सदस्य नामित होने के बाद श्री सचदेवा ने पिछले एक दशक से अधिक समय में भारत में तीरंदाजी के विकास के लिए निरंतर सहयोग देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2030 के लिए 'विश्व तीरंदाजी' की राष्ट्रमंडल खेल समिति के सदस्य के तौर पर नियुक्त होकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। श्री मोदी का मैं तहे दिल से आभारी हूँ। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने एक ऐसा माहौल तैयार किया है, जहाँ भारतीय एथलीट अब सिर्फ़ वैश्विक स्तर पर हिस्सा ही नहीं लेते, बल्कि नेतृत्व करते हैं। यह हमारे प्रधानमंत्री के विज़न, हमारी बेहतर खेल नीतियों और इस अटूट विश्वास का ही नतीजा है कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।"उन्होंने कहा, "मैं युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय तीरंदाजी संघ का भी आभारी हूँ, जिन्होंने मुझ पर अपना भरोसा और विश्वास जताया। साथ ही, हर उस तीरंदाज का भी, जिसने भारत के लिए कभी कमान संभाली। हर उस कोच का, जिसने हम पर विश्वास किया और हर उस फेडरेशन का, जिसने वैश्विक मंच पर हमारी जगह बनाने के लिए संघर्ष किया।"उन्होंने कहा, "मैं तीरंदाजी के विकास में सार्थक योगदान देने और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत की मौजूदगी को और अधिक मज़बूत बनाने के लिए पूरी तरह से तत्पर हूँ।"गौरतलब है कि श्री सचदेवा प्रो. वी.के. मल्होत्रा के मार्गदर्शन में 2008 से पहले दिल्ली तीरंदाजी संघ तथा बाद में भारतीय तीरंदाजी संघ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। उन्होंने पिछले लगभग 15 वर्षों में देशभर में अनेक तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया है तथा स्कूलों में भी तीरंदाजी को खेल के रूप में प्रोत्साहित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित