चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांव सग्गा और समाना बाहु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांव सग्गा में पीएचसी भवन का लगभग 38 प्रतिशत निर्माण होने के बाद एजेंसी ने कार्य रोक दिया था। लोक निर्माण विभाग ने पांच जुलाई 2023 को एजेंसी का अनुबंध समाप्त कर दिया। संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति के बाद तीन महीने में नयी निविदा प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। शेष निर्माण कार्य छह महीने के भीतर दोबारा शुरू किया जाएगा।

गांव समाना बाहु में पीएचसी का 70 प्रतिशत कार्य पूरा होने के बाद एजेंसी ने काम बंद कर दिया और विवाद को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। विभाग ने 20 जून 2024 को अनुबंध समाप्त कर दिया। मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने में करीब छह महीने लगेंगे और पूरा होने में लगभग 12 महीने का समय लगेगा।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि फिलहाल फरीदाबाद के सेक्टर-56 में 50 बिस्तरों के अस्पताल का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, लेकिन आवश्यकता होने पर मामले की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित