सक्ती , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को भीषण बॉयलर विस्फोट से 11 लोगों की मौत हो गयी और 20 से अधिक घायल हो गये।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जतायी है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि सिंघीतराई गांव स्थित पावर प्लांट में आज भीषण विस्फोट हो गया जिससे 11 लोगों की मौत हो गयी। घटना में घायल 20 से अधिक मजदूरों को रायगढ़ के जिंदल फॉर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है , जहां कई लोगों की हालत गंभीर है।

श्री ठाकुर ने बताया कि घटना इतनी भयावह थी कि विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। मौके पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लेने के प्रयास शुरू किये गये। फिलहाल विस्फोट के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है और जांच जारी है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य अभी भी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित