सक्ती , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिना लाइसेंस साहूकारी करने, उधार की राशि के एवज में वाहन गिरवी रखने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 21 मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने शिकायत दर्ज करायी थी कि उसने आरोपी करन यादव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। निर्धारित समय पर राशि वापस नहीं कर पाने पर आरोपी ने उसकी मोटरसाइकिल अपने पास रखने का दबाव बनाया तथा मना करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ साहूकार अधिनियम की धारा 11(एफ) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित