सक्ती , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा मैदान में शुक्रवार को आयोजित प्रधानमंत्री आवास गृहप्रवेश, पंचायत पदाधिकारी सम्मान एवं लखपति दीदी सम्मेलन में दो लाख प्रधानमंत्री आवासों का गृहप्रवेश कराया गया। इस अवसर पर 121 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

चौहान ने सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना और न्याय आवास की स्वीकृति सहित कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लोग शाम के समय अपने घरों में दीपक जलाएं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है और आने वाले समय में प्रदेश धान के कटोरे के साथ सब्जी के कटोरे के रूप में भी पहचान बनाएगा।

चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र से राशि मिलने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट नहीं दिए जाने के कारण लाखों गरीब परिवार आवास से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए पद से इस्तीफा दिया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए 'मोर आवास-मोर अधिकार' आंदोलन चलाया और राज्य में सरकार बनने के बाद गरीबों के लिए 18 लाख आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि आज दो लाख पूर्ण आवास हितग्राहियों को समर्पित किए गए हैं, जबकि छत्तीसगढ़ को तीन लाख 65 हजार 159 से अधिक नए प्रधानमंत्री आवासों की सौगात मिली है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के किसानों को 11,500 करोड़ रुपये से अधिक और फसल बीमा योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित