सक्ती , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कोटमी-बघोद मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे ट्रैक्टर चालक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेंद्र पटेल (28) के रूप में हुयी है। वह अकोलजमोरा गांव का रहने वाला था। राजेन्द्र मोटरसाइकिल से कोटमी बाजार जा रहा था, तभी कोटमी और बघोद के बीच यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित