सक्ती , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को पिकनिक के दौरान एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन तथा एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अब बुधवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग से कुछ युवक दमाऊधारा पर्यटन स्थल पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी साथी झरने के समीप घूमने और स्नान कर रहे थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर झरने में नहाने के लिए उतरा, तभी उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह कुछ ही देर में उनकी नजरों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए लगाया गया। बचाव दल ने देर शाम तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार आज सुबह फिर से खोज अभियान चलाया जा रहा है और युवक की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित