रायपुर , जून 27 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में हुई गोलीकांड की घटना के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की वस्तुस्थिति जानने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर विधायक रामकुमार यादव को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में विधायक व्यास कश्यप, महिला विधायक शेषराज हरबंश (पामगढ़), विधायक राघवेंद्र सिंह (अकलतरा) और विधायक बालेश्वर साहू (जैजैपुर) को सदस्य नामित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि सक्ती जिला मुख्यालय अंतर्गत ग्राम जोंगरा में पूर्णिमा चौहान नामक युवती पर नकाबपोश युवकों द्वारा की गई ताबड़तोड़ गोलीबारी में हुई मौत के बाद गठित समिति पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी लेगी।
समिति से कहा गया है कि वह पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों से चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपे, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित