फगवाड़ा , अक्टूबर 12 -- राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने सऊदी अरब में मौत की सजापाए श्री चमकौर साहिब के दो युवकों के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में कूटनीतिक माध्यमों से राहत की संभावनाएं तलाशने के प्रयास किए जाएंगे।

फिल्लौर के निकट गिल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान श्री ग्रेवाल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान मेजरअंजू बाला भी मौजूद थीं। श्री ग्रेवाल ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारियों के दायरे में संबंधित अधिकारियों के समक्ष परिवारोंकी मांगें रखेंगे और हरसंभव सहायता का प्रयास करेंगे।

भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री ग्रेवाल ने कहा कि देशके अल्पसंख्यक समुदायों की शिकायतों और समस्याओं का उचित संस्थागत माध्यमों से समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को अपनी शिकायतें लेकर दिल्ली आने अथवा आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

श्री ग्रेवाल ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर गिल क्षेत्र के लोगों से सोच-समझकर अपना प्रतिनिधि चुनने की अपील की और पारदर्शी, जवाबदेह तथा भ्रष्टाचार मुक्त शासन की वकालत की।

इस अवसर पर उन्होंने गिल क्षेत्र में भाजपा के हलका प्रभारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एस.आर. लाधड़ के प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा की सराहना की। नवरात्र के पहले दिन क्षेत्र में पहुंचे श्री ग्रेवाल ने माता दुर्गा की ज्योति प्रज्वलित की और पत्रकारों से बातचीत भी की। सिख, मुस्लिम और ईसाई समुदायों के प्रतिनिधियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

सऊदी अरब में सजा पाए युवकों के मामले में आगे की कार्रवाई भारत और सऊदी अरब के संबंधित अधिकारियों के स्तर पर होगी। फिलहाल, श्री ग्रेवाल ने परिवारों को मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाने और संभावित राहत के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित