नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सऊदी अरब के मक्का और मदीना में फंसे भारत के उमराह श्रद्धालुओं की वापसी के लिए भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास संबंधित विमानन कंपनियों तथा टूर ऑपरेटरों के संपर्क में हैं और उनकी वापसी के बारे में बातचीत की जा रही है।
ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि करीब चार हजार उमराह श्रद्धालु ट्रैवल एजेन्टों की गड़बड़ी के कारण मक्का, मदीना और जेद्दा में फंसे हुए हैं । उन्होंने सरकार से इन यात्रियों को वापस लाने में मदद करने की अपील की थी।
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि करीब 3,000 फंसे हुए उमराह श्रद्धालु पिछले एक सप्ताह में उपलब्ध उड़ानों से स्वदेश लौट चुके हैं और अन्य श्रद्धालुओं की जल्द वापसी के लिए भी चर्चा की जा रही है।
मंत्रालय के अनुसार इस दौरान सामान्य रूप से उमराह के लिए यात्रा करने वाले 10,000 से अधिक श्रद्धालु भी उपलब्ध उड़ानों से स्वदेश लौटे हैं। भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थानीय समुदाय के स्वयंसेवकों की मदद से प्रभावित श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता दे रहे हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय नागरिकों की मदद के लिए रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास में 24 घंटे चलने वाले नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए नियमित रूप से सूचनाएं भी जारी की जा रही हैं।
मंत्रालय ने यात्रियों की सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित