पन्ना , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व को मौजूदा स्वरूप तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संस्थापक बाघों की स्मृति में उनकी प्रतिमाएं बनाए जाने की मांग उठी है। प्रस्ताव में कहा गया है कि इससे आने वाली पीढ़ियों को पन्ना की बाघ पुनर्स्थापना योजना की कहानी और बाघ संरक्षण के प्रयासों से परिचित कराया जा सकेगा।

हाल ही में पन्ना टाइगर रिजर्व के अकोला गेट पर विश्व की सबसे बुजुर्ग हथिनी वत्सला की विशाल प्रतिमा का अनावरण मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया था। वत्सला की स्मृति में बनाई गई इस प्रतिमा की सराहना का उल्लेख करते हुए इसी तर्ज पर पन्ना के संस्थापक बाघों की प्रतिमाएं बनाने का सुझाव दिया गया है।

बताया गया है कि वर्ष 2009 में पन्ना का जंगल बाघ विहीन हो गया था। इसके बाद यहां बाघ पुनर्स्थापना योजना शुरू की गई, जिसके तहत कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच टाइगर रिजर्व से नर एवं मादा बाघों को पन्ना लाया गया। इन्हीं संस्थापक बाघों के माध्यम से पन्ना में फिर बाघों का संसार आबाद हुआ। वर्तमान में पन्ना लैंडस्केप में सौ से अधिक बाघों के स्वच्छंद विचरण करने का उल्लेख किया गया है।

पन्ना के संस्थापक बाघों में टी-1 से टी-7 तक नर एवं मादा बाघ शामिल रहे। इनमें टी-1, टी-2 और टी-6 मादा बाघ हैं, जबकि टी-4 और टी-5 अर्द्धजंगली बाघिनें थीं, जिन्हें सफलतापूर्वक जंगली बनाया गया। नर बाघों में टी-3 और टी-7 शामिल हैं।

इनमें टी-3 का बाघ पुनर्स्थापना योजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहा। कई वर्षों तक पन्ना टाइगर रिजर्व के जंगल में विचरण करने वाले टी-3 को उसके योगदान के कारण 'फादर ऑफ द पन्ना' कहा गया। उसके योगदान से बाघ पुनर्स्थापना योजना को वैश्विक पहचान मिलने का भी उल्लेख किया गया है।

मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व में पिछले वर्ष विश्व की सबसे बड़ी टाइगर प्रतिमा का निर्माण कराए जाने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पन्ना के संस्थापक बाघों की स्मृति में प्रतिमाएं बनाई जाती हैं तो यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने के साथ बाघ संरक्षण के प्रति जागरूकता का माध्यम भी बन सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित