पटना, जून 16 -- बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से घोषित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ फेलोशिप के लिए प्रदेश से सात रंगकर्मियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि इससे रंगमंच एवं सांस्कृतिक शोध के क्षेत्र में राज्य के कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।

इस उपलब्धि के लिए चयनित कलाकारों में वरिष्ठ फेलोशिप के लिए वरिष्ठ रंगकर्मी शारदा एवं कृष्णलाल का चयन किया गया है। वहीं कनिष्ठ फेलोशिप के लिए मृत्युंजय शर्मा, राजीव रंजन, सिकंदर, सचिन कुमार एवं अनुप्रिया का चयन हुआ है।

मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि रंगमंच और सांस्कृतिक क्षेत्र में कार्यरत कलाकारों की साधना, समर्पण और सृजनात्मक प्रतिभा का सम्मान है। संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्रदान की जाने वाली फेलोशिप कलाकारों और शोधकर्ताओं को अपने विषय पर गहन अध्ययन, शोध एवं सृजनात्मक कार्य करने का अवसर प्रदान करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित