भोपाल , अप्रैल 6 -- संस्कृतभारती मध्यभारत प्रान्त की दो दिवसीय समीक्षा योजना गोष्ठी 4 और 5 अप्रैल को भोपाल स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुई। गोष्ठी में अखिल भारतीय उपाध्यक्षा अमिता पृथ्वी ने उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

गोष्ठी में क्षेत्र मंत्री डॉ. दिवाकर शर्मा, प्रान्ताध्यक्ष डॉ. अशोक भदौरिया, प्रान्त मंत्री डॉ. पुरुषोत्तम तिवारी, प्रान्त सहमंत्री डॉ. नीरज शर्मा तथा प्रान्त संगठन मंत्री डॉ. जागेश्वर पटले ने विभिन्न सत्रों को संबोधित किया।

कार्यक्रम में सात विभागों और 12 जनपदों से 38 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इसमें गत वर्ष के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

गोष्ठी में संस्कृत कार्य को विकासखंड स्तर तक विस्तार देने, बालकेंद्र आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, संभाषण शिविरों का आयोजन, पत्राचार के माध्यम से संस्कृत शिक्षण, संस्कृत परिवारों की वृद्धि, साप्ताहिक मिलन केंद्र तथा श्लोक उच्चारण केंद्र संचालित करने जैसी योजनाएं तय की गईं।

इस दौरान संगठन में विभिन्न दायित्वों की घोषणा भी की गई। साथ ही संगठन के स्वर्ण जयंती वर्ष 2030-31 को ध्यान में रखते हुए आगामी छह वर्षों की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित