लखनऊ , जुलाई 31 -- संसद में भगवा वस्त्र पहन कर किए गए विपक्ष के प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी आपत्ति जताई है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने भगवा और साधु-संतों का अपमान करने का प्रयास किया है।उन्होने कहा कि "एक पप्पू ने दूसरे पप्पू के साथ मिलकर हिंदुत्व को अपमानित करने की चेष्टा की है।" उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने भगवा और साधु-संतों का अपमान करने का एक और अध्याय जोड़ दिया है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भगवा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और त्याग का प्रतीक है तथा उसका इस प्रकार राजनीतिक प्रदर्शन के लिए उपयोग करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि साधु-संतों और भगवा के इस कथित अपमान को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की इस राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा और देश इस अपमान का प्रतिकार करेगा।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया संसद परिसर में विपक्ष द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन के बाद सामने आई है। विपक्ष की ओर से इस प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना बताया गया था, जबकि भाजपा ने इसे हिंदुत्व और संत समाज का अपमान करार दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित