वाराणसी , अगस्त 1 -- संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को लेकर काशी के साधु-संतों की शिकायत पर सांसद राहुल गांधी, सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव तथा सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ शनिवार को कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य के नेतृत्व में साधु-संतों ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इस मुद्दे को लेकर कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने भी प्रदर्शन किया।
पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंसवाल ने बताया कि संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के संबंध में साधु-संतों से लिखित तहरीर प्राप्त हुई थी। तहरीर के आधार पर राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त प्रदर्शन से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र धारण कर हिंदू संत परंपरा का स्वरूप प्रस्तुत किया गया तथा भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित कर करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रदर्शन सनातन परंपरा, संत समाज और श्रद्धालुओं की आस्था का उपहास है। उन्होंने कहा कि संसद परिसर में किया गया यह सार्वजनिक राजनीतिक प्रदर्शन व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से पूर्वनियोजित और समन्वित प्रतीत होता है। उनके अनुसार प्रदर्शन के दौरान सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र धारण कर स्वयं को हिंदू साधु के स्वरूप में प्रस्तुत किया, जबकि राहुल गांधी ने भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे हिंदू धार्मिक परंपराओं के प्रति अनादरपूर्ण और निंदनीय बताया।
देवाचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान उनकी श्रद्धा, आस्था, भक्ति और धार्मिक समर्पण का पवित्र प्रतीक है। इसे राजनीतिक प्रदर्शन का विषय बनाया जाना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से हिंदू संत परंपरा, भगवान श्रीराम तथा श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सार्वजनिक रूप से उपहास और अवमानना हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित