भोपाल , जुलाई 31 -- संसद परिसर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन के बीच मध्यप्रदेश के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद पप्पू यादव पर तीखा हमला बोला।
श्री शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जिन लोगों ने कथित रूप से चढ़ावे की चोरी की है, उनके विरुद्ध सरकार और पुलिस कार्रवाई कर रही है तथा उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति कर रहा है।
उन्होंने सांसद पप्पू यादव पर भगवान राम के चित्र का कथित रूप से अपमान करने का आरोप लगाया। श्री शर्मा ने कहा कि यह भगवान राम और भगवा का अपमान है।
भाजपा विधायक ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और पप्पू यादव को मध्यप्रदेश आने पर उनका "मुंह काला" किए जाने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, "आप लोग मध्यप्रदेश मत आना, जहां मिलोगे, मुंह काला किया जाएगा।"श्री शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भगवा पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि उनका इतिहास स्वयं विवादों से जुड़ा रहा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और लोगों को मंदिर जाने से रोकने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित