नयी दिल्ली , फरवरी 05 -- लोकसभा में सदन की कार्यवाही बाधित होने के बाद गरमाई राजनीति के बीच इंडिया गठबंधन के संसदीय दल के नेताओं की गुरुवार को यहां संसद भवन परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देने तथा संसद में विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई।
राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के चेंबर में हुई इस बैठक में संसद में सभी दलों के नेताओं ने एकजुट होकर सरकार को घेरने की रणनीति पर गहन विचार विमर्श किया गया। सूत्रों के अनुसार बैठक में सबसे पहले यह मुद्दा राज्यसभा में उठाने पर विचार विमर्श किया गया और फिर राज्य सभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री के जवाब के समय की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में श्री खरगे के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में द्रमुक के तिरुचि एन. शिवा, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले, शिव सेना (उद्धव गुट) के अरविंद सावंत, आरएसपी के एन. के. प्रेमचंद्रन, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी बशीर अहमद, कांग्रेस के जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया।
इस बैठक के बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक भी हुई। बैठक पार्टी के संसदीय दल कार्यालय में हुई जिसमें श्री गांधी सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित