पटना , जुलाई 20 -- राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद मार्च कर रहे शांतिपूर्ण आंदोलनकारी युवाओं पर दिल्ली पुलिस की ओर से आँसू गैस के गोले छोड़े जाने और लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में आंदोलनकारियों की आवाज़ को बल के सहारे दबाया नहीं जा सकता।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि आंदोलनकारी युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून, राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा सुधार, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही, पारदर्शी व्यवस्था, प्रभावित छात्रों को मदद और परिजनों को मुआवजे की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संसद की ओर मार्च कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की मांग पूरी तरह जायज है, फिर भी सरकार ने दमन का सहारा लिया।

श्री यादव ने कहा कि आज देश का छात्र-युवा लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से परेशान है, जिसके कारण लगातार छात्र आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों नीट पेपर लीक से आहत होकर दर्जनों छात्रों ने आत्महत्या कर ली। इन गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय केंद्र सरकार दमन का रास्ता अपना रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित