भुवनेश्वर , सितंबर 26 -- ओडिशा में पुरी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने और चुनाव आयोग को बदनाम करने का आरोप लगाया है।

श्री पात्रा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला ।उन्होंने कहा कि परसों एक अंग्रेजी अखबार में चुनाव आयोग के बारे में लेख प्रकाशित होने के बाद विभिन्न विपक्षी दलों विशेषकर कांग्रेस ने हाल में निर्वाचन आयोग को कमजोर करने का प्रयास किया। आयोग ने आज इस बारे में स्थिति स्पष्ट कर दी है और कहा है कि मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया था। उच्चतम न्यायालय ने इस प्रक्रिया का समर्थन किया है।

उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थानों के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सेना पर भी सवाल खड़ा कर चुकी है। वह लगातार संवैधानिक संस्थानों पर हमला कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित