औरैया , जनवरी 11 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकतांत्रिक मूल्यों को दरकिनार कर नफरत की राजनीति के सहारे देश को बांटने का काम कर रही है।

सपा नेता यादव औरैया जिले के ऐरवाकटरा ब्लाक के गांव चन्हैया बैवाह में स्थित एस.बी.एस. प्राइवेट आई.टी.आई. कॉलेज एवं इंटर कॉलेज परिसर में संस्थान के संस्थापक और समाजसेवी स्वर्गीय सोहन सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे। उन्होंने स्वर्गीय सोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।

प्रतिमा अनावरण के पश्चात आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान और कानून की मर्यादाओं को नहीं मान रही है। लोकतंत्र पर लगातार प्रहार हो रहे हैं और जनता को केवल झूठे प्रचार से भ्रमित किया जा रहा है।

सपा नेता ने कहा कि आज देश का युवा सड़कों पर है, महंगाई आसमान छू रही है और देश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की साजिश रची जा रही है। कहां कि भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। देश को एकजुट करने के बजाय लोगों को आपस में लड़ाया जा रहा है। समाजवादी कार्यकर्ताओं को अब गांव-गांव जाकर भाजपा के इस भ्रम को तोड़ना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित