धार , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारतीय संविधान और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कुक्षी निवासी संजय परसाई ने डॉ. अंबेडकर, संविधान और पुलिस प्रशासन के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। इस संबंध में स्क्रीनशॉट और लिंक साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए गए। शिकायत जयस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविराज बघेल द्वारा दर्ज कराई गई, जिसमें कहा गया कि इस प्रकार की टिप्पणी से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने कहा कि संविधान और देश के कानून के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित