नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को मूल उपकरण निर्माता (ओईएमएस) और ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कंसेशनेयर के माध्यम से क्लस्टर योजना के तहत बस संचालन में लगे संविदा चालकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की।

डॉ. सिंह ने कहा कि कंसेशनेयर के जरिए अनुबंध पर कार्यरत बस चालकों का कल्याण और दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की निरंतरता दोनों महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि चालकों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए संभावित उपायों पर विचार किया जाये और बस संचालन के लिए पर्याप्त मैनपावर भी सुनिश्चित की जाए। वेतन और न्यूनतम वेतन के मुद्दे पर बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह सक्षम अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में आता है और लागू प्रावधानों के अनुसार आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जायेगी।

परिवहन मंत्री ने ओईएमएस और ऑपरेटरों को जायज शिकायतों के समाधान के लिए समयबद्ध कदम उठाने तथा बस सेवाओं को सामान्य बनाये रखने के निर्देश दिये। संबंधित पक्षों से बैठक में चर्चा किए गए उपायों पर बिंदुवार अनुपालन और कार्रवाई रिपोर्ट तथा आवश्यक दस्तावेज और नीतियां उपलब्ध कराने को कहा गया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ बस संचालन से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कानूनी और व्यवस्थित प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित