जालौन , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बुधवार को उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य एवं चिकित्सा निदेशालय, लखनऊ की संयुक्त निदेशक डॉ. शालू गुप्ता ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवा उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार संबंधी जानकारी ली और चिकित्सकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

संयुक्त निदेशक ने औषधि वितरण कक्ष और औषधि भंडार का निरीक्षण कर दवाओं के स्टॉक का मिलान किया। इसके बाद प्रयोगशाला और लैब की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक रूप से बाहर न भेजा जाए तथा अधिकतम जांचें अस्पताल परिसर में ही कराई जाएं। उन्होंने वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण कर दवाओं के सुरक्षित रखरखाव और अभिलेखों का भी सत्यापन किया।

डॉ. शालू गुप्ता ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अस्पताल परिसर, वार्डों और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई, बेड पर स्वच्छ चादर, गद्दे और तकिए की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. विशाल सचान, डॉ. शेख शहरयार, डॉ. आदर्श गौतम, डॉ. अशोक चक, मिथलेश पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित