बठिंडा , जनवरी 20 -- संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) नॉन-पॉलिटिकल संगठन ने केंद्र सरकार से किसानों की मांगें मनवाने के लिए देशभर के किसानों से ज्ञापन पर हस्ताक्षर करवाने के लिए एक विशेष राष्ट्र स्तरीय अभियान चलाया है, जिसकी शुरुआत आज बठिंडा के गांव बल्लो से की गयी।
एसकेएम के अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने यहां जारी विज्ञप्ति में बताया कि देश के अलग-अलग गांवों से एक ज्ञापन साइन किया गया, जिसमें किसानोंकी 15 मांगें रखी गयी हैं। इस ज्ञापन पर पूरे भारत के किसान हस्ताक्षर करके दिल्ली सरकार को भेजेंगे और किसानों की मांगों की आवाज बुलंद करेंगे। यह अभियान आंदोलन-2 के शहीद शुभकरण सिंह के गांव बल्लो बठिंडा से शुरू किया गया। पूरे भारत के किसान इस प्रोग्राम का हिस्सा होंगे और इस ज्ञापनपर अलग-अलग राज्यों के आम लोग हस्ताक्षर करके दिल्ली सरकार को भेजेंगे।
श्री डल्लेवाल ने कहा कि 19 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी सभा होगी और यह याचिका देश के प्रधानमंत्री को सौंपी जाएगी और हम सरकार को बताना चाहते हैं कि अगर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) गारंटी एक्ट और किसानों की मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा।
इसके अलावा, संयुक्त किसान मोर्चा सात फरवरी 2026 को कन्याकुमारी से कश्मीर तक एक बड़ी एमएसपी भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेगा, जिसका मुख्य मकसद एमएसपी गारंटी की आवाज़ भारत सरकार के कानों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसानों का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार किसानों के लिए एमएसपी गारंटी एक्ट नहीं बनाती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित