यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- संयुक्त किसान मोर्चा के केंद्रीय आह्वान पर 23 अक्टूबर को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय, यमुनानगर के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा के दोनों घटकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय किसान सभा (अजय भवन) के अध्यक्ष गुरभजन सिंह मझैल तथा अखिल भारतीय किसान सभा, हरियाणा के अध्यक्ष नायब सिंह ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अक्टूबर के प्रदर्शन में एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग की भूमिका, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं को भी उठाया जाएगा। सरकार द्वारा लागू की गई पोर्टल व्यवस्था तथा 27 क्विंटल की सीमा संबंधी हिदायत को समाप्त करने की मांग की जाएगी, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में आ रही परेशानियों से राहत मिल सके।

इसके अलावा नूंह एवं गुरुग्राम में बिजली के प्राइवेट सप्लायर को दिए गए लाइसेंस का भी विरोध किया जाएगा। किसान संगठनों का मानना है कि इससे बिजली क्षेत्र में निजीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

बैठक में तय किया गया कि इन मुद्दों के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य स्थानीय समस्याओं को भी प्रदर्शन के दौरान उठाया जाएगा। किसान संगठनों ने किसानों से अपील की है कि वे 23 अक्टूबर को उपायुक्त कार्यालय के सामने होने वाले प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।

बैठक में धर्मपाल चौहान, महिपाल चमरौड़ी, प्यारे लाल तंवर, हरभजन सिंह संधू तथा भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सदस्य भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित