अमृतसर , मई 19 -- आगामी मानसून सीजन और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अमृतसर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने जिला प्रशासनिक परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों और बीएसएफ अधिकारियों के साथ बाढ़ सुरक्षा इंतजामों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि किसी भी संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए पहले से पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरी सामग्री और उपकरण पहले ही खरीद लिए जाएं ताकि बारिश के दौरान आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिला और सब-डिवीजन स्तर पर फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा वहां पर्याप्त स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पहले से टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने पीएसपीसीएल अधिकारियों को रवि नदी के किनारे बसे गांवों में स्थित बिजली सब-स्टेशनों को पानी से बचाने के लिए अग्रिम प्रबंध करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
उन्होंने ड्रेनेज विभाग को बीएसएफ अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर नदी के बहाव में आने वाली रुकावटों और कटाव को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को जरुरी मशीनरी और राहत उपकरण पहले से तैयार रखने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित