दरभंगा , सितंबर 26 -- िहार के दरभंगा में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नेपाल में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर संभावित बाढ़ की स्थिति एवं तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को नदियों के जलस्तर, तटबंध, निचले इलाकों एवं नदी किनारे बसे गांवों की लगातार निगरानी के निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने बिरौल अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के वर्तमान जलस्तर, जलस्तर में हो रहे परिवर्तन, बाढ़ पूर्व तैयारियों तथा उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
श्री कुमार ने अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार पॉलीथिन शीट एवं अन्य राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई शुरू करने को कहा।उन्होंने सिविल सर्जन को मेडिकल टीम गठित कर आवश्यकतानुसार संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त करने तथा पर्याप्त दवाओं एवं चिकित्सकीय संसाधनों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी को बाढ़ से संबंधित तैयारियों एवं राहत कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, सहायक निदेशक, आपदा प्रबंधन प्रणव राज सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित