राजनांदगांव , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आज दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर एवं राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज संयुक्त रूप से डोंगरगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान दोनों उच्च अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़, प्रस्तावित परिक्रमा पथ तथा माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ ट्रस्ट पार्किंग स्थल का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के संबंध में कड़े निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान श्री सत्यनारायण राठौर ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुराने हॉस्पिटल परिसर में संचालित हो रहे बीएमओ कार्यालय को तत्काल अछोली स्थित नए कार्यालय में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक्स-रे मशीन को जल्द से जल्द शिफ्ट करने के लिए कहा गया है ताकि मरीजों को जांच के लिए भटकना न पड़े।

भीषण ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए संभागायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में पर्याप्त कूलर एवं पंखों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल और ओआरएस काउंटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, जिससे धूप और उमस से परेशान होने वाले मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।

अधिकारियों ने डोंगरगढ़ के प्रस्तावित परिक्रमा पथ का भी निरीक्षण किया और निर्माण से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात, माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ ट्रस्ट पार्किंग स्थल का जायजा लेते हुए संभागायुक्त ने वहाँ मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मल्टी पार्किंग की व्यवस्था होने से डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित रखने में बड़ी सुविधा होगी और यातायात की समस्या से निजात मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित