संभल , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के दो कारों की भीषण टक्कर में दिल्ली निवासी पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में गांव अझरा और खिरनी के समीप एक कार के अचानक लेन बदलने से पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर निवासी 58 वर्षीय डॉ. अरविंद कुमार सोमवार को अपनी पत्नी मोना (50), पुत्री यामिनी (30), बड़ी बेटी प्रिया (32) तथा डेढ़ वर्षीय नातिन सुचारिता के साथ निजी कार्य से चंदौसी आए थे। मंगलवार सुबह परिवार कार से दिल्ली लौट रहा था। बताया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर खिरनी गांव के पास आगे चल रही एक कार ने अंडरपास की ओर मुड़ने के लिए अचानक लेन बदल ली। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही डॉ. अरविंद की कार अनियंत्रित होकर सामने वाले वाहन से जा टकराई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कैलादेवी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने डॉ. अरविंद और उनकी पुत्री यामिनी को मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना में घायल मोना, प्रिया और मासूम बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दूसरी कार को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित