संभल , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में ईद-उल-फितर के मौके पर कुछ स्थानों पर नमाज के दौरान विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।

थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के कस्बा सिरसी स्थित सादात मस्जिद में शिया समुदाय के लोगों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ईरान-इजरायल संघर्ष के विरोध में आवाज उठाते हुए अमेरिका विरोधी नारे भी लगाए। इस दौरान कुछ लोगों ने अयातुल्लाह अली खामेनेई से जुड़ी घटनाओं को लेकर भी आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। नारेबाजी को लेकर पुलिस और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की बहस भी हुई, हालांकि स्थिति बाद में नियंत्रण में आ गई। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित