संभल , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में आगरा-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चंदौसी सर्कल क्षेत्र के ग्राम मझावली के निकट शुक्रवार शाम लगभग सवा चार बजे एक अज्ञात वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बहजोई और चंदौसी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने टेंपो चालक अभिषेक (30) पुत्र प्रमोद निवासी ग्राम सिलेट की मढ़ैया तथा श्वेता (26) पुत्री विनोद निवासी बहजोई को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका श्वेता केंद्रीय सफाई आयोग की पूर्व सदस्य मंजू दिलेर की ननद की पुत्री थी। दुर्घटना में मंजू दिलेर की सास रामश्री, श्वेता की बहन शिवानी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित