बिलासपुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी ओवरब्रिज पर रविवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद एक ट्रेलर में आग लग जाने से उसमें फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोयले से लदा एक ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर में तुरंत आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया।

हादसे के दौरान चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वह ट्रेलर के अंदर ही फंस गया। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित