वाराणसी , मई 15 -- वाराणसी नगर निगम शहर की सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में जुटा हुआ है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के आदमपुर जोन में 17.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीवर व जल निकासी परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया।
जैतपुरा के वॉर्ड नंबर 93 स्थित बंगाली बाबू के बगीचे में शुक्रवार को आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर और नारियल फोड़कर संयुक्त रूप से कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत औसानगंज चौराहे से शुरू होकर ईश्वरगंगी, नाटी इमली, धूपचंडी होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक कुल 2010 मीटर लंबी नई सीवर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। महापौर ने बताया कि यह कार्य अगले छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
परियोजना के पूर्ण होने से नागकुआ, जैतपुरा, छमुहानी, डिगिया, राजापुरा, ईश्वरगंगी और नाटी इमली आदि क्षेत्रों में बरसात के दिनों में होने वाले भारी जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना से बागेश्वरी वार्ड, ईश्वरगंगी वार्ड और धूपचंडी वार्ड के कुल तीन वार्ड लाभान्वित होंगे।
महापौर ने कहा कि काशी को वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वच्छ और सुंदर बनाना नगर निगम व सरकार का संकल्प है। सीवर लाइन का यह विस्तार इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आदमपुर जोन की नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित