फिरोजाबाद , अगस्त 28 -- आनंद विहार टर्मिनस से सियालदह जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गुरुवार रात एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। रेलवे पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, आनंद विहार से सियालदह जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एस-5 कोच में यात्रा कर रहे संजीत कुमार (30), निवासी थाना चाकदा, जिला नदिया, पश्चिम बंगाल की हाथरस के समीप अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था। यात्री की हालत बिगड़ने की सूचना रेलवे स्टाफ ने टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी। यात्री को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए नॉन-स्टॉप ट्रेन को रोका गया। मौके पर पहुंचे चिकित्सक ने जांच के बाद संजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद रेलवे पुलिस ने शव को ट्रेन से उतरवाया। सामान की तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान की गई और परिजनों को घटना की सूचना दी गई। जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के फिरोजाबाद पहुंचने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित