रायपुर , नवंबर 10 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी एवं न्यूज पोर्टल 'द हनी बैजर न्यूज' के संचालक दीपक टंडन की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिलासपुर में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद अब रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के विरुद्ध संपत्ति विवाद से जुड़े मामले में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शिकायत में संपत्ति पर अवैध कब्जा करने, अनधिकृत प्रवेश, अश्लील हरकत, सरकारी सील तोड़ने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 329(4), 331(2), 331(5), 351(2), 324(4), 126(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। इस बीच रायपुर पुलिस दीपक टंडन को पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 7 नवंबर को बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर में दीपक टंडन से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। पुलिस ने वीआईपी रोड स्थित होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित उसके आवास की तलाशी ली थी। कार्रवाई के दौरान होटल का डीवीआर और बरखा टंडन का मोबाइल फोन जब्त किया गया था।
दीपक टंडन के खिलाफ बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने, भ्रामक एवं आपत्तिजनक समाचार प्रकाशित करने तथा ब्लैकमेलिंग के जरिए अवैध वसूली करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसी प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय दीपक टंडन के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इनकी जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी। जांच एजेंसियां अब होटल से जब्त डीवीआर और बरखा टंडन के मोबाइल फोन में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही हैं।
इस बीच दीपक टंडन का नाम पूर्व में सामने आए डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण भी चर्चा में रहा है। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित