लखनऊ , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश सरकार की जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण की पहल के तहत श्रावस्ती जिले में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) और अन्य सेवा संबंधी देयों का भुगतान कर दिया गया। जिला प्रशासन ने कुल 8941612 रुपये की धनराशि पात्र कर्मचारियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
अधिकारियों के अनुसार, देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा आयोजित "संध्या संवाद" कार्यक्रम के दौरान कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ भुगतान लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशन में विभिन्न विभागों ने समन्वय स्थापित कर लंबित औपचारिकताओं को पूरा किया। कार्रवाई के बाद प्रकाश नारायण पाठक, राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार और भगवान दीन वर्मा सहित अन्य पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके बकाया जीपीएफ और सेवा संबंधी देयों का भुगतान कर दिया गया।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी नागरिक या कर्मचारी को अपने वैधानिक अधिकारों के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित