कोलकाता , मई 27 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन कार्यकर्ताओं की हुई हत्या के करीब सात साल बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जांचकर्ताओं के अनुसार, यह गिरफ्तारियां लंबी जांच के बाद की गयी हैं। इस जांच में चश्मदीदों के बयान, स्थानीय खुफिया जानकारी और नदी तटीय इलाके संदेशखली अनुमंडल में चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े पिछले अदालती व पुलिस रिकॉर्ड्स की गहन पड़ताल शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद भड़की भीषण राजनीतिक हिंसा के दौरान जून 2019 में संदेशखली के नजात इलाके में भाजपा के तीन कार्यकर्ता प्रदीप मंडल, सुकांत मंडल और देवदास मंडल मृत पाये गये थे, जिनकी कथित तौर पर हत्या कर दी गयी थी।
आरोपों के मुताबिक, मृतकों को पहले गोली मारी गयी थी और फिर उनकी हत्या करने से पहले उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गिरफ्तार किये गये लोगों में कादर मुल्ला भी शामिल है, जिसे तृणमूल कांग्रेस के विवादित रसूखदार नेता शेख शाहजहां का करीबी माना जाता है। शेख शाहजहां का नाम संदेशखली से जुड़े कई मामलों में बार-बार सामने आ चुका है।
सीबीआई के अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आये नये तथ्यों और पिछले कई वर्षों से लगातार जुटाये जा रहे सबूतों के आधार पर इन आरोपियों को दबोचा गया है।
जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि यह गिरफ्तारियां गवाहों के बयानों की पुष्टि और जांच के दौरान इकट्ठा किये गये अन्य सामग्रियों के आधार पर की गयी हैं। एजेंसी अब इन हत्याओं के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने और इस घटना में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पहचान करने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
शुरुआत में इस मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने की थी। हालांकि मृतकों के परिजनों ने बाद में आरोप लगाया था कि राज्य पुलिस को सौंपे गये जांच रिकॉर्ड से शेख शाहजहां सहित कई प्रभावशाली लोगों के नाम हटा दिये गये थे। इसके बाद पीड़ितों के परिवारों ने इन हत्याओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। इस याचिका पर कार्रवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने के निर्देश दिये, जिसके बाद सीबीआई ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित