चंडीगढ़ , मई 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को कहा कि पार्टी आप सरकार द्वारा दर्ज की जा रही प्राथमिकी से डरने वाली नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ये कार्रवाइयां मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा में कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचने के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए की जा रही हैं।

श्री जाखड़ ने दावा किया कि इससे भी बड़ा मुद्दा यह है कि मुख्यमंत्री ने अपने विधायकों को भ्रष्टाचार में लिप्त होने की 'खुली छूट' दे रखी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के समक्ष उठाएगी और जवाबदेही की मांग करेगी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जिन व्यक्तियों की पहले आप नेता प्रशंसा करते थे, भाजपा में शामिल होने के बाद अब उन्हीं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे 'दोहरे मापदंड' का प्रमाण बताया। उन्होंने दावा किया कि जहां भाजपा सांसदों को परेशान किया जा रहा है, वहीं राज्य सरकार अपने ऐसे विधायक को पुलिस सुरक्षा दे रही है जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और जो पहले जेल भी जा चुका है।

आप के रुख में बदलाव पर सवाल उठाते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि जो लोग पहले वफादार माने जाते थे, पार्टी छोड़ते ही रातोंरात उन्हें गलत ठहराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बाकी सदस्यों पर दबाव बनाने और आगे टूट रोकने की कोशिश है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि वह अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपने विधायकों पर कार्रवाई करने से समझौता कर रहे हैं, जबकि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने की नीति अपना रहे हैं।

श्री जाखड़ ने कहा कि भाजपा अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़ी है, पार्टी किसी भी प्रकार की 'राजनीतिक बदले की भावना' का विरोध करेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी कानूनी सीमाएं लांघने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है और 2027 के चुनावों में जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रति जनधारणा बदल रही है और राज्य की चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी एक मजबूत नेतृत्व का विकल्प प्रस्तुत करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित