बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में एक इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

युवक घर में सोने गया था, लेकिन शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने जाकर देखा, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। शरीर के एक हिस्से के काला पड़ जाने से मामला संदिग्ध हो गया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय प्रकाश उइके रविवार दोपहर अपने घर के कमरे में सोने के लिए गया। परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे। शाम करीब 7 बजे तक जब प्रकाश कमरे से बाहर नहीं आया, तो भाई के कहने पर चचेरे भाई ने उसे जगाने के लिए कमरे में जाकर देखा।

कमरे में पहुंचने पर उसे प्रकाश के शरीर में कोई हलचल नहीं दिखी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि प्रकाश की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक के चेहरे से लेकर सीने तक का हिस्सा काला पड़ गया था। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि संभवतः किसी जहरीले जीव, जैसे सांप के काटने से उसकी मौत हुई हो। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।

प्रकाश उइके इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष का छात्र था। उसके माता-पिता सेहरा में रहते हैं, जो घटना की जानकारी मिलते ही बैतूल पहुंच गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित